DwonloadDownload Point responsive WP Theme for FREE!

गलती को माफ करने वाले से बड़ा कोई नहीं

समस्या-

अजमेर, राजस्थान से गोपाल ने पूछा है-

मेरी शादी 6 माह पहले ही हुई है और लड़की हमारे परिवार की ही है जिसकी तारीफ पूरे समाज में और आस पडौस में हर कोई करता था।  लड़की के माता पिता की मौत तब हो गयी थी जब ये लड़की सिर्फ 2 साल की थी। इस लड़की को तब से ले के अब तक इसकी बुआ और फूफा ने पाला जो कि पुलिस में है।  छोटी उम्र से ही घर का सारा काम इस लड़की ने अपने हाथ में ले लिया और किसी को भी को काम नही करने देती थी।  सब का पूरा ध्यान रखती थी सब की इज्जत करती थी।  मेरी मौसी जी को भी बहुत इज्जत देती थी।  इसके बड़े भाई (बुआ के बेटे) मुझे बचपन से जानते थे और इस लड़की के साथ मेरी शादी करना चाहते थे। मेरे परिवार को भी ये लड़की पसंद थी और मुझे भी।  हमारी सगाई 3 साल तक रही इस बीच कई बार फ़ोन पर बात करने को लेकर हमारे बीच अनबन हुई थी।  इसका परिवार मुझे अपने बेटों से भी बढ़ कर मानता था और इज्जत करता था।  इन 3 साल (सगाई) के दौरान मैंने कई बार इससे बात की कि तुझे इस रिश्ते से या मुझ से कोई शिकायत हो या कोई परेशानी हो तो अभी बता दो।  बाद में परेशानी नहीं होनी चाहिए और हर बार ये लड़की अपने मरे हुए माँ बाप की और भाई भतीजे की कसम खाती कि ये इस रिश्ते से बहुत खुश है और सिर्फ मेरे साथ ही अपना जीवन बिताना चाहती है।  मैं भी इससे जरुरत से ज्यादा प्यार और अंधा विश्वास करता था, 24 घंटे इसके ही बारे में सोचता था कि इस लड़की को जीवन की हर ख़ुशी दूंगा।  मेरे माता पिता भी इस लड़की को मुझ से जयादा प्यार करते थे।  5 माह पहले हमारी शादी हुई।  शादी के बाद का एक माह बहुत अच्छा बीता।  फिर इसका स्वभाव अचानक बदलने लग गया।  मुझे कुछ भी समझ में नही आ रहा था कि ये लड़की ऐसा क्यों कर रही है।   बाद में तो मेरा उसे छूना भी उसे पसंद नही होने लगा।  वो बात बात पे मुझ से लड़ने लगी और दिसम्बर माह से वो गर्भवती हो गयी थी।  तब से हमारी शादी शुदा लाइफ को किसी की नजर लग गयी।   मैं इस लड़की से अपने जान से भी ज्यादा प्यार करता हूँ।   मार्च माह में ये पूरे एक माह के लिए अपने मायके गयी और जब से वहाँ से आई है तब से इसने मुझसे बात तक करना बंद कर दिया और हर बात का उल्टा जवाब देने लगी।   ये वो लड़की थी ही नहीं जिसे मैंने पसंद किया था और सभी लोग तारीफ करते थे।  मैं कुछ समझता या इसके घर बात करता उससे पहले एक रात मेरे सोने के बाद रात्रि 1.30  बजे मेरे घर से सारे गहने चोरी कर के एक पत्र अपने तकिये के नीचे रख के घर से चली गयी।  कि वो अपनी मरजी से जा रही है और उसे ढूँढने की कोशिश नहीं करे।  उस समय वह 4 माह की गर्भवती भी थी।   4 दिन तक मैं खूब रोया और कुछ नहीं खाया।   4 दिन बाद उस के फूफा जी जो कि पुलिस में हैं उन्होंने और उसके भाइयों ने उसे  ढून्ढ निकाला।  तब पता चला कि वो मुझसे नहीं एक सलीम नाम के लड़के को पसंद करती थी।  जिसे सिर्फ वो फ़ोन पर ही जानती थी कभी उसे देखा तक भी नहीं था।  वो उस से मीठी मीठी बातें करता था।  उस ने उसे घर से गहने ले कर अपने साथ भाग जाने के लिए उकसाया और वो उसकी बातों में आ कर इस तरह की वारदात कर गयी।  ये सलीम नाम का लड़का आदतन अपराधी था और पूर्व में भी 2 लड़कियों के साथ ऐसा कर चुका था। 2 शादियाँ भी कर चुका है।   आज उस लड़की को अपने गलती को पछतावा है और वो अपनी गलती सुधारने का एक मौका मांग रही है।  उसका परिवार भी हमारे ऊपर दबाव बना रहा है कि इससे एक मौका दें।  लेकिन मैं व मेरा परिवार और पूरा समाज इसके खिलाफ है।  हम इस लड़की से तलाक चाहते हैं।  लेकिन इसका परिवार और ये लड़की एक मौका मांग रहे हैं।  गलती सुधारने का।   मैं इस लड़की से बहुत प्यार करता था, पर उस ने मुझे धोखा दिया।  मेरे घर से गहने चोरी किये और समाज में हमारा सर शर्म से झुका दिया और अपने होने वाले बच्चे का भविष्य खुद ही खराब कर लिया।  हम कोर्ट और थाने से बहुत डरते हैं और हम शांति से समस्या का हल चाहते हैं।

समाधान-

Mother Holding Child's Handगोपाल जी, लड़की परिवार की है, बुआ फूफा ने उन्हें पाला, आप उसे बहुत प्यार करते थे। लड़की ने अपने काम और व्यवहार से सब को प्रभावित किया। आप ने उस के साथ विवाह कर लिया। लड़की आप का सम्मान करती थी। लेकिन उस ने आप से प्यार नहीं किया। वैसे भी लड़कियाँ जानती हैं कि उन्हें प्यार करने का अधिकार नहीं है। उन्हें जिस से ब्याह दिया जाएगा उसी से प्यार करना पड़ेगा। इस लिए वे आम तौर पर प्यार नहीं करती हैं। ब्याह के बाद अपने पति के साथ सामंजस्य बनाने की कोशिश करती हैं।

लेकिन एक धोखेबाज मर्द उस के जीवन में आया, उस ने उसे प्रभावित किया और वह उस से प्यार कर बैठी, उस ने जीवन की सब से बड़ी गलती की। फिर प्यार में वह अपनी संपत्ति (स्त्री को विवाह में मायके और ससुराल से मिले गहने उस का स्त्री-धन होते हैं) को ले कर उस धोखेबाज के साथ चल दी। आप पत्नी के स्त्री-धन को अपना समझे थे। आप ने समझा वह चोरी कर भागी है। खैर उसे तलाशा गया और वह मिल गयी। तब तक वह धोखा खा चुकी थी। बेचारी¡ उस ने पहली बार प्यार किया और धोखा खाया। उस ने प्यार करने की गलती की थी, अब उस की सजा तो उसे भुगतनी ही होगी। वह डर रही है। दुनिया बहुत बड़ी है और उस में एक स्त्री के लिए केवल धोखे ही धोखे हैं। उसे जो भी मिलेगा धोखा देगा। वह जानती है। वह समझ गई है कि वह आप का संरक्षण में ही सुरक्षित है।

ह आप से प्यार करेगी या नहीं कोई नहीं जानता। लेकिन आप कहते हैं कि आप ने उस से प्यार किया था।  यदि आप ने सचमुच उस से थोड़ा भी प्यार किया था तो आप को उसे माफ कर देना चाहिए। उसे फिर से प्यार करें। मेरी राय है कि आप उसे अपना लें। निश्चित रूप से यह निर्णय करना आसान नहीं होगा। फिर आप को अपने परिवार वालों से भी इस के लिए संघर्ष करना होगा। लेकिन आप भविष्य में इस निर्णय को कर के नहीं पछताएंगे। लेकिन यदि आप ने उसे नहीं अपनाया तो एक स्त्री का जीवन नष्ट करने में आप की भूमिका होगी और आप को इस के लिए जीवन भर पछतावा रह सकता है। उस के शरीर में आप का वंश पल रहा है। क्या आप अपने अंश को ऐसे ही अरक्षित छोड़ देंगे? उस की तो इस सब में कोई गलती नहीं? क्या आप चाहेंगे कि आप की संतान पैदा होने के बाद आप से दूर रहे या उसे माँ का प्यार न मिले। आप अपनी पत्नी की तरफ मदद का हाथ बढ़ाइए और उसे अपना लीजिए। यही सर्वोत्तम मार्ग है। गलती को माफ करने वाले से कोई बड़ा नहीं होता। कोर्ट कचहरी तो तब दूर ही रहेंगे।

Print Friendly, PDF & Email