DwonloadDownload Point responsive WP Theme for FREE!

बहिन गलत व्यक्ति से विवाह करना चाहती है तो उसे प्रेम और युक्ति से समझाएँ

समस्या-

मेरी बहिन एक लड़के के चक्कर में है और उस से शादी करना चाहती है। लेकिन मेरे पिताजी सहमत नहीं हैं, क्यों कि लड़का यह विवाह धन के लालच में करना चाहता है। वह मेरे पिताजी की इज्जत भी नहीं करता है।  वह मेरी बहिन से दो बार पैसे भी निकलवा चुका है और तो और सोने की दो अंगूठी भी उस ने मेरी बहन से मंगवा कर रख ली। लेकिन हम ने किसी तरह उस से वापस ले ली। हम अपनी बहिन को खूब समझा चुके हैं लेकिन वह नहीं समझती है और धमकी देती है कि वह आत्महत्या कर लेगी। पिताजी उस लड़के को अच्छी तरह जानते हैं और जानते हुए वे उस के साथ बहिन का विवाह उस ल़ड़के से कर अपनी बेटी का भविष्य खराब नहीं कर सकते। पिता जी ने बहिन से यह भी कहा कि वह उस से ही विवाह करना चाहती है तो वह घर छोड़ कर विवाह कर सकती है। यदि भविष्य में कोई अनहोनी होती है तो हम पर कोई कानूनी कार्यवाही तो नहीं होगी।

-दिवाकर, सोनीपत, हरियाणा

समाधान-

प की बहिन वयस्क है और उसे यह अधिकार है कि वह अपने इच्छित पुरुष के साथ विवाह कर ले।  कोई भी उस की इच्छा के विरुद्ध जबरन उसे विवाह करने को बाध्य भी नहीं कर सकता। यदि आप और आप के पिता जी यह समझते हैं कि वह लड़का उस के लिए उपयुक्त साथी नहीं हो सकता तो आप का कर्तव्य है कि आप किसी तरह अपनी बहिन को समझाएँ। आप के प्रश्न से ऐसा लगता है कि आप के पिता जी और आप ने अपनी बहिन को समझाने का जो तरीका अपनाया है वह उचित नहीं है। जब आप लोगों को पता लगा कि बहिन किसी लड़के से विवाह करना चाहती है तो उस से नाराजगी का व्यवहार किया और डाँटा डपटा। किसी लड़की को समझाने का यह तरीका बिलकुल उचित नहीं है। आप को और आप के सभी परिजनों को बहन के साथ अत्यन्त प्रेमपूर्ण व्यवहार करना चाहिए था और उसे कहना चाहिए था कि आप लोगों को उस के इस विवाह से कोई आपत्ति नहीं है लेकिन लड़का जीवन भर तक उस का अच्छा जीवनसाथी नहीं बन सकता। इस के लिए आप अपनी बहिन से उस लड़के की परख करने के लिए कह सकते थे। मुझे लगता है कि आप अब भी अपनी बहिन को स्नेह के साथ समझाएंगे तो वह लड़के को परखने के लिए तैयार हो जाएगी। इस के लिए आप यह भी कर सकते हैं कि बहिन को ऐसा नाटक करने के लिए राजी कर सकते हैं जिस से उस लड़के को लगे कि वह किसी असाध्य बीमारी से ग्रस्त है या और कोई तरीका अपना सकते हैं जिस से लड़के की परीक्षा की जा सके। यदि लड़का उन परिक्षाओं में खरा नहीं उतरता है तो आप की बहिन उस लड़के से अपना संबंध समाप्त भी कर सकती है।

फिर भी यदि आप की बहिन उस लड़के के साथ विवाह करने के लिए जिद पर है तो कोई मार्ग नहीं रह जाता जिस से उसे रोका जा सके। आप को और आप के परिवार को उस लडके को बुला कर कहना चाहिए कि वे आप इस विवाह से सहमत नहीं हैं। लेकिन विवाह में बाधक भी नहीं बनना चाहते। ऐसी स्थिति में दोनों जैसे भी चाहें विवाह कर लें, लेकिन यह स्पष्ट कर दें कि आप का परिवार इस विवाह में दहेज या उपहार के रुप में कुछ भी नहीं देगा। यह भी स्पष्ट कर दें कि परिवार के पास जो भी संपत्ति है वह भी संयुक्त न हो कर पिता जी की  या आप की व्यक्तिगत संपत्ति है और आप की बहिन का उस संपत्ति में कोई हिस्सा नहीं है और आप सभी लोग अपने उत्तराधिकार से भी उसे वंचित कर रहे हैं। यदि वह लड़का केवल धन के लिए ही आप की बहिन से विवाह करना चाहता है तो वह यह विवाह नहीं करेगा और आप की बहन का पीछा छोड़ देगा। वैसी स्थिति में आप अपनी बहिन को अन्यत्र विवाह करने के लिए रजामंद कर सकते हैं।

दि आप की बहन फिर भी उस लड़के के साथ विवाह करती है तो वे आप के और आप के पिता के विरुद्ध किसी तरह की कोई कार्यवाही नहीं कर सकेंगे। आप की बहन को अपने माता पिता से उत्तराधिकार में कुछ मिलना चाहिए या नहीं यह आप दोनों का भविष्य का व्यवहार देख कर तय कर सकते हैं।

Print Friendly, PDF & Email