तीसरा खंबा

भांजे को अपने नाना की संपत्ति में अधिकार प्राप्त है।

समस्या-

अजय कुमार ने ग्राम बासमतिया, जिला अररिया, बिहार से पूछा है-

पापा मम्मी की मृत्यु 1990 के पहले हो चुकी है। अब मेरी बहिन का पुत्र (भांजा) संपत्ति में हिस्सा मांगता है, जब कि उसकी मां-मेरी बहिन की मृत्यु हो चुकी है।

समाधान-

आप के पापा मम्मी की मृत्यु के बाद उन की संपत्ति आप भाई बहिन को समान रूप से उत्तराधिकार में प्राप्त हुई। इससे यह संपत्ति संयुक्त हिन्दू परिवार की संपत्ति हो गयी जिस में आप और आप की बहिन सम्मिलित हैं।

जब आप की बहिन की मृत्यु हो गयी तो उस का इस संपत्ति में जो हिस्सा है उस की संतानों को प्राप्त हो गया। इस तरह आप की बहिन के स्थान पर उस की संतानें संयुक्त हिन्दू परिवार का हिस्सा हो कर उस संयुक्त संपत्ति के स्वामी हो गए।

इस तरह आप की बहिन के पुत्र, आप के भांजे का इस संपत्ति में हिस्सा है, वह सही अपना हिस्सा मांग रहा है जो आप को देना पड़ेगा। नहीं देंगे तो वह विभाजन का वाद संस्थित कर के प्राप्त कर सकता है।

Exit mobile version