DwonloadDownload Point responsive WP Theme for FREE!

अनधिकृत दरवाजा बन्द कराने के लिए आदेशात्मक निषेधाज्ञा का वाद संस्थित करें।

समस्या-

शांति  देवी ने शाहजहाँपुर,  उत्तर प्रदेश से पूछा है –

हम लोग जिस गली मे रहते है  वो काफी सँकरी है और  एक ओर से बंद  भी है। हमारी गली के आगे भी एक गली है उसमें  सबके दरवाजे  उस गली मे है पर हमारे घर के सामने वाले ने घर के लोगो ने  दस बीस लडको को  लाकर रात  के  समय 16/01/2021 को पीछे की ओर बिलकुल हमारे दरवाजे के सामने  दरवाजा खोल लिया और मना करने पर गलियाँ दी। जो उनके बैनामे मे  नहीं है बस उन्होंने नक्शे मे पीछे  सडक दिखाई है  पर वो  बहुत  पतली है। हमारे घर के सामने दरवाजा खुलने से ये  परेशानी है कि  हमारी केवल एक  लडकी  है जो बड़ी  है और लोग पति पत्नी  बूढ़े हैं। जिसने दरवाजा खोला है उनके दो लडके  हैं और वो  अच्छे लोग नहीं हैं। उनके दरवाजा खोलने से गली में आपातकालीन  सेवा  की गाड़ी  या रिक्शा  भी  नहीं आ पायेगा जबकि उनके  पास  आगे वाली गली में  दरवाजा है। बताएँ कि इस दरवाजे को कैसे बन्द कराया जाए?


 समाधान-

यह घटना 16.01.2021 की रात्रि की है। जिस समय वे दस-बीस लोगों को लाकर दरवाजा निकाल रहे थे तभी आपको पुलिस में रिपोर्ट करना चाहिए था। यदि पुलिस चाहती तो यह काम दो चार दिन के लिए तभी बन्द हो सकता था। इतने समय में आप अदालत से स्थगन आदेश ला सकते थे।

अब भी बस कल और आज का ही दिन बीता है। उन्होंने शनिवार की रात इसीलिए चुनी कि रविवार को अदालतें नहीं खुलतीं जिस से स्टे लिया जा सके। सबसे पहले तो आपको तुरन्त पुलिस को रिपोर्ट करना चाहिए कि 16.01.2021 को रात्रि के समय 15-20 असामाजिक तत्वों को ला कर जबरन बिना नगर पालिका से परमिशन लिए दरवाजा खोल दिया है। आपके मना करने पर आपके साथ गालीगलौच की है। इससे आपकी प्राइवेसी और हवा पानी के सुखाधिकार की क्षति हुई है। यह काम आप आज ही कर सकते हों तो अवश्य करें, वरना कल तो अवश्य ही कर लें। कल पुलिस थाना के साथ साथ एसपी को भी एक परिवाद दें।

कल दिन में नगर पालिका में भी शिकायत दर्ज कराएँ कि बिना नगर पालिका से अनुमति प्राप्त किए दरवाजा खोला गया है और निर्माण कार्य किया गया है। कल ही आप किसी दीवानी मामलों के अच्छे वकील से मिलें और दरवाजा बन्द कराने के लिए सुखाधिकार के आधार पर दीवानी न्यायालय में  आदेशात्मक स्थायी निषेधाज्ञा के लिए दीवानी वाद संस्थित कराएँ कि उक्त दरवाजा बन्द कराया जाए। इसके साथ ही अस्थायी निषेधाज्ञा के लिए आवेदन भी प्रस्तुत कराएँ कि जब तक मूल वाद का निर्णय नहीं होता है दरवाजा बन्द रखा जाए और उसका उपयोग नहीं किया जाए। यदि आप पुलिस रिपोर्ट और नगरा पालिका में रिपोर्ट करने के पहले वकील से मिल कर राय कर लें तो बेहतर रहेगा। वह स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से पुलिस रिपोर्ट तथा नगर पालिका में शिकायत कैसे करनी है इस के लिए बेहतर सुझाव दे सकते हैं।

Print Friendly, PDF & Email