तीसरा खंबा

नामान्तरण सभी उत्तराधिकारियों के नाम होगा।

समस्या-

शंभू लाल सेन ने बेमाली, भीलवाड़ा, राजस्थान से समस्या भेजी है कि-

मेरे पिता कि मौत होने के बाद उनका मकान का पट्टा मेरे नाम पर कैसे होगा? जबकि मैं ओर मेरी मां दोनो ही वारिस हैं।

समाधान-

शंभू जी, आप की माँ और आप दोनों उक्त संपत्ति के स्वामी हैं, उत्तराधिकार से आप दोनों का स्वामित्व अस्तित्व में आया है। उत्तराधिकार के उपरान्त अलग से पट्टा नहीं बनता है बल्कि केवल नगर पालिका के रिकार्ड में नामान्तरण हो जाता है। नामान्तरण जब किसी व्यक्ति की मृत्यु के कारण होता है तो उस व्यक्ति के सभी उत्तराधिकारियों के नामही हो सकता है। फिलहाल नामान्तरण आप दोनों के नाम होगा। यदि आप चाहते हैं कि आप की माता का हिस्सा भी आप को मिल जाए तो यह आप को माँ से खरीदना होगा।

यह भी हो सकता है कि माताजी अपने हिस्से को आप के नाम रिलीज कर दें (त्याग दें) इस के लिए आप को माता जी से अपने नाम रिलीज डीड निष्पादित करवानी पड़ेगी। क्यों कि नामान्तरण से स्वामित्व हस्तान्तरित नहीं होता है। रिलीज डीड के आधार पर नामान्तरण ही पुख्ता होगा अन्यथा बिना उस के आप के नाम से हुआ नामान्तरण कभी भी रद्द किया जा सकता है।

Exit mobile version